देवघर में विभूति एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

देवघर: मंगलवार को रेलवे मुख्य लाइन के सपहा सेठविला क्षेत्र के पास एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय सुनील राय के रूप में हुई है, जो मधुपुर थाना क्षेत्र के सपहा सेठविला गांव के निवासी थे। उनके पिता का नाम स्वर्गीय संतु राय बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना किलोमीटर रेल पोल संख्या 295/06-06 डाउन वॉशिंग लाइन के समीप हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन संख्या 13048 डाउन विभूति एक्सप्रेस की चपेट में आने से सुनील राय की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना के एएसआई शशिभूषण राय तथा आरपीएफ के एसआई श्याम सुंदर कुमार मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई संतोष राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान की।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, देवघर भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस ने मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि युवक ट्रेन की चपेट में कैसे आया और घटना किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।