सरायकेला: श्री जगन्नाथ रथ मेला समिति की बैठक रविवार को मौसीबाड़ी परिसर में समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से मनोज कुमार चौधरी को लगातार 19वीं बार निर्विरोध समिति का अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान रथ मेला की तैयारियों और समिति के पुनर्गठन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा भव्य रथ पर सवार होकर मुख्य मंदिर से मौसीबाड़ी (गुंडिचा मंदिर) के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद 17 जुलाई को सुबह 11 बजे से 15 दिनों तक चलने वाले ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला का शुभारंभ होगा।
समिति के पुनर्गठन के तहत गोविंद साहू और भोला महांति को उपाध्यक्ष, छोटेलाल साहू को सचिव, रुपेश साहू को सांस्कृतिक सचिव तथा सुशांत महापात्र को श्रृंगारिक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि 21 जुलाई को तारणी व्रत के अवसर पर हजारों महिलाएं पूजा-अर्चना करेंगी। धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए मेले के मुख्य मार्ग पर मांस और अंडे की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस वर्ष मेले में इलेक्ट्रिक झूला, बोट झूला, ब्रेक डांस, मिकी माउस, जलपरी शो, महिलाओं के लिए मीना बाजार, बच्चों के खिलौनों की दुकानें, चाट-भेलपुरी स्टॉल और प्रसाद के लिए खाजा-लड्डू की दुकानें आकर्षण का केंद्र होंगी। वहीं देवसभा में श्रीकृष्ण के विराट स्वरूप, अनंत शैया और समुद्र मंथन की भव्य झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगी।
बैठक में वार्ड पार्षद गौतम नायक, ब्रह्मानंद महापात्र, सानो आचार्य सहित समिति के पदाधिकारी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रथ मेला को भव्य, सुरक्षित और सफल बनाने का संकल्प लिया।

