ब्रजवंदना फाउंडेशन ने ईएसआईसी जमशेदपुर में कथित भ्रष्टाचार, गोलमुरी शाखा कार्यालय की कार्यप्रणाली तथा कुछ सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों (एसएसओ) पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संस्था ने इस संबंध में साक्ष्यों के साथ शिकायत विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों और विभागों को भेजी है।


फाउंडेशन की ओर से भेजी गई शिकायत में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, श्रमिकों के कथित उत्पीड़न, पारदर्शिता की कमी तथा रिश्वतखोरी जैसे आरोपों की जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत की प्रतियां Employees’ State Insurance Corporation मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय रांची, Central Vigilance Commission तथा भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय को भी भेजी गई हैं।
इस मुद्दे को लेकर संस्था ने पूर्व मंत्री एवं विधायक Saryu Roy को भी एक ज्ञापन सौंपा। उनकी अनुपस्थिति में ज्ञापन उनके प्रतिनिधि नीरज सिंह ने प्राप्त किया।
ब्रजवंदना फाउंडेशन का कहना है कि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना ईएसआईसी की जिम्मेदारी है। यदि व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार है तो उसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
संस्था ने मांग की है कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा ईएसआईसी की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुधार सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा हो सके।

