कोडरमा थाना क्षेत्र के चित्तरपुर गांव में भूमि विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का सदर अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर विधायक डॉ. नीरा यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं और गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। विधायक ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद को लेकर पहले भी कई शिकायतें पुलिस को दी गई थीं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण यह दुखद घटना हुई। परिजनों के अनुसार, राजकुमार यादव पर देर रात पीछे से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।



