धर्मशाला : भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले वनडे मैच में टीम इंडिया की जीत के बाद ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी से जुड़ा एक भावुक पल चर्चा का विषय बन गया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते समय उनके फोन पर मां का कॉल आया। नीतीश ने तुरंत कॉल उठाया और अपनी मां से कहा कि वह पांच मिनट बाद वापस बात करेंगे। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से व्यवधान के लिए माफी मांगी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।


बारिश से प्रभावित 25-25 ओवर के इस मुकाबले में नीतीश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट झटके। उन्होंने शतकवीर रहमानुल्लाह गुरबाज और मोहम्मद नबी को आउट किया। भारत ने अफगानिस्तान को 194 रन पर समेट दिया, जिसमें डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान Shubman Gill ने नाबाद 84 रन की पारी खेली, जबकि KL Rahul ने 39 रन बनाकर भारत को 7 विकेट से जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

