महुआडांड़: महुआडांड़ में शुक्रवार सुबह मोहर्रम का पहलाम जुलूस सादगी, अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया। सुबह करीब छह बजे शुरू हुए जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और पारंपरिक तरीके से मातम करते हुए निर्धारित मार्गों से होकर गुजरे।


जुलूस का नेतृत्व मोहर्रम कमिटी के खलीफा तनवीर अहमद (रिंकू) तथा नायब खलीफा सद्दाम आलम (शेरू) ने किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने अनुशासन और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुलेमान मुंडरी स्वयं जुलूस के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे। संवेदनशील स्थानों सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जबकि प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
प्रशासन ने नागरिकों से शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं मोहर्रम कमिटी के पदाधिकारियों ने सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।
प्रशासन और स्थानीय लोगों के समन्वय से मोहर्रम का पहलाम जुलूस बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
News Bharat 20

