आदित्यपुर-गम्हरिया रेलवे ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद, पुलिस ने शुरू की जांच

Spread the love

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आदित्यपुर और गम्हरिया रेलवे स्टेशन के बीच गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक से एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमित सरदार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमित सरदार का आपराधिक इतिहास रहा है और वह अपराधी सागर लोहार का करीबी बताया जाता है। पुलिस के अनुसार वह करीब एक माह पहले हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। घटना के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है।

आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने यूडी (अप्राकृतिक मौत) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।