जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग और छिनतई की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जैप-6 गेट के पास पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात चेन स्नैचर हरपाल सिंह उर्फ गबरू सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, लूटे गए जेवर, नकद राशि, केमिकल स्प्रे और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की है।


पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम टेल्को स्थित घड़ी पार्क के समीप पल्सर बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहरभर में अलर्ट जारी कर टेल्को, सिदगोड़ा, बिष्टुपुर और सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन जांच के दौरान जैप-6 गेट के पास पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बीच दोनों अपराधी बाइक छोड़कर जैप परिसर की ओर फरार हो गए।
इसके बाद जिला पुलिस और जैप जवानों ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू मुठभेड़ में घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपियों का संबंध किसी बड़े छिनतई गिरोह से हो सकता है। एएसपी ऋषभ त्रिवेदी की निगरानी में चले इस अभियान में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैयाज अहमद समेत कई थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

