पटना में जमीन के पुराने दस्तावेज अब ऑनलाइन उपलब्ध, ₹600 में घर बैठे डाउनलोड की सुविधा

Spread the love

पटना : बिहार में जमीन से जुड़े पुराने दस्तावेज और रजिस्ट्री कागजात प्राप्त करना अब पहले से कहीं अधिक आसान होने जा रहा है। राज्य सरकार जून महीने से एक नई ऑनलाइन सुविधा शुरू करने जा रही है, जिसके तहत लोग घर बैठे ही पुराने दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए संबंधित विभाग की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा और ₹600 शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।

रजिस्ट्रेशन विभाग के अनुसार, दस्तावेजों की स्कैनिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। राज्य के 141 रजिस्ट्रेशन कार्यालयों में वर्ष 1990 से 2005 तक के करीब 4 करोड़ दस्तावेज स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। वहीं, 1908 से 1990 तक के रिकॉर्ड को भी डिजिटल स्वरूप में लाने की प्रक्रिया जारी है।

अब तक लोगों को पुराने कागजात प्राप्त करने के लिए रजिस्ट्रेशन कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे और पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग जाता था। लेकिन नई ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद खाता नंबर, प्लॉट नंबर जैसी जरूरी जानकारी भरकर दस्तावेज आसानी से डाउनलोड किए जा सकेंगे, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।