मानगो के दाईगुट्टू में नाबालिग की तेज रफ्तार कार बेकाबू, घर में घुसी—बाल-बाल बचे लोग

Spread the love

जमशेदपुर के मानगो स्थित दाईगुट्टू इलाके में शनिवार सुबह एक नाबालिग द्वारा तेज रफ्तार में कार चलाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नाबालिग चालक अपनी कार को अत्यधिक गति से चला रहा था, तभी उसने नियंत्रण खो दिया और कार एक मकान की चारदीवारी तोड़ते हुए सीधे घर के अंदर जा घुसी।

घटना के समय कार में एक महिला भी सवार थी। हादसा इतना जोरदार था कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार सवार लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और कुछ समय बाद वाहन को वहां से हटा लिया गया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चा होती रही।

स्थानीय लोगों ने इस घटना को गंभीर बताते हुए नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और तेज रफ्तार पर चिंता जताई है। नागरिकों ने अभिभावकों से बच्चों को वाहन देने से पहले जिम्मेदारी समझने की अपील की है। साथ ही प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।