जमशेदपुर में पुलिस का बड़ा अभियान, 49 इलाकों में छापेमारी कर 172 संदिग्ध हिरासत में

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक विशेष अभियान चलाया। एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर शहर के 49 विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 172 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर तीन वाहनों का चालान भी काटा गया।

इस अभियान में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया। हालांकि, जांच के बाद सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान कई दुकानों और प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। पुलिस ने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

एसएसपी पीयूष पांडेय ने कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।