विश्व थैलेसीमिया दिवस पर दावत-ए-इस्लामी इंडिया के GNRF ने जमशेदपुर में लगाए 4 रक्तदान शिविर, जुटीं 300 यूनिट तक रक्त

Spread the love

जमशेदपुर : विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर दावत-ए-इस्लामी इंडिया के विभाग गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (GNRF) की ओर से जमशेदपुर के चार अलग-अलग स्थानों पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 250 से 300 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो थैलेसीमिया मरीजों एवं जरूरतमंद लोगों के लिए काफी मददगार साबित होगा।
रक्तदान शिविर का आयोजन ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित आकसा बैंक्वेट हॉल, मानगो, मिल्लत हॉल मस्जिद कैंपस टेल्को, धातकीडीह ब्लड बैंक तथा नसीम मैरिज हॉल, जुगसलाई में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया और इंसानियत की सेवा का संदेश दिया। स्थानीय लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पहल की सराहना की।
GNRF द्वारा केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक कार्य भी लगातार किए जा रहे हैं। संस्था गर्मी के मौसम में तीन महीने तक मुफ्त पेयजल स्टॉल एवं विभिन्न स्थानों पर शरबत की सबील लगाती है। इसके अलावा “सेव नेचर प्रोग्राम” के तहत वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाता है।
संस्था की डिजास्टर टीम किसी भी आपदा या आपात स्थिति में तुरंत राहत कार्यों में जुट जाती है। वहीं, राशन किट वितरण, नि:शुल्क मेडिकल कैंप, फर्स्ट एड कैंप, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान समेत कई सामाजिक कार्यक्रम भी नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर कोल्हान डिवीजन मैनेजर सैयद सद्दाम अत्तारी ने कहा कि इंसानियत की सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है और भविष्य में भी समाजहित में इसी तरह के कार्य जारी रहेंगे।