सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को काम के दौरान हुए सिलेंडर ब्लास्ट में सात मजदूर झुलस गए, जिनमें से एक मजदूर मुरली की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।


मृतक मुरली कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे अन्य घायलों के साथ तत्काल TMH ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव का इलाज TMH में चल रहा है, जबकि शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ, हालांकि विस्फोट की वजह तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या अन्य कारण था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

