पाकुड़: जिले के सदर प्रखंड स्थित केटकापाड़ा प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित सहायक शिक्षक गुलाब शेख को गुवाहाटी के कामाख्या रेलवे स्टेशन पर नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया गया है। रेलवे पुलिस ने उसके पास से कुल 7.37 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में उसके साथ दयाल दास को भी गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार गुलाब शेख ने 1 जुलाई को पत्नी के इलाज का हवाला देते हुए शिक्षा विभाग से छुट्टी ली थी। छुट्टी लेने के बाद वह दोबारा स्कूल नहीं लौटा। विभागीय अधिकारियों को शुरुआत में लगा कि पत्नी के इलाज के कारण वह अवकाश पर है, इसलिए उसके खिलाफ किसी तरह की आशंका नहीं हुई।


इसी बीच 2 जुलाई की रात रेलवे पुलिस को कामाख्या स्टेशन पर दो संदिग्ध लोगों के नकली नोट लेकर मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने रात करीब 9:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर जांच अभियान चलाया। तलाशी के दौरान गुलाब शेख और दयाल दास के पास से 7.37 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। सरकारी शिक्षक की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

