पलामू: जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं। मामले का खुलासा छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने किया।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 11 जून को सूचना मिली थी कि सरसोत गांव का एक युवक अवैध हथियार के साथ इलाके में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सरसोत गांव निवासी 19 वर्षीय अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए गए।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है, जिसकी तलाश जारी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के खिलाफ किसी पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसके पास हथियार कैसे पहुंचे और कहीं उसका संबंध किसी आपराधिक गिरोह या संदिग्ध गतिविधियों से तो नहीं है।
इस अभियान में हरिहरगंज थाना पुलिस के साथ जिला बल के जवान भी शामिल थे। छापेमारी टीम में पुलिस पदाधिकारी कुमार सौरभ, पत्थरा पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, हवलदार हेमंत भेंगरा सहित कई सुरक्षाकर्मी शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

