पंचायत प्रतिनिधियों ने राज्यपाल से की मुलाकात, पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि के उपयोग हेतु जल्द गाइड जारी करने की मांग

Spread the love

पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि के उपयोग के लिए जल्द गाइड जारी करने की मांग, राज्यपाल से मिला पंचायत प्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल

रांची। झारखंड त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर पंचम राज्य वित्त आयोग की राशि के व्यय एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए शीघ्र गाइड जारी करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि पंचायती राज संस्थाओं को वित्त आयोग की राशि आवंटित की जा चुकी है, लेकिन आवश्यक दिशा-निर्देश (गाइडलाइन) जारी नहीं होने के कारण पंचायत स्तर पर विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रस्तावित योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा है।

प्रतिनिधियों ने कहा कि स्पष्ट गाइडलाइन जारी होने के बाद पंचायतें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का उपयोग विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन में कर सकेंगी। उन्होंने संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर जल्द से जल्द गाइड उपलब्ध कराने की मांग की।

राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस संबंध में संबंधित विभाग से पत्राचार कर आवश्यक मार्गदर्शन शीघ्र जारी कराने का प्रयास किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में गिरिडीह के जिला परिषद सदस्य मनोज वाजपेयी, मुखिया कुशेंद्र पाहन, अनिल कुमार रजक और पिंटू कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि शामिल थे।