ऑपरेशन लंगड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात अपराधी अजय पासवान मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार

Spread the love

पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत मसौढ़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चरमा मोड़ के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अजय पासवान उर्फ बादल को गोली मारकर घायल कर दिया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से पिस्टल, देसी कट्टा और एक बाइक भी बरामद की है। वहीं, एक अन्य अपराधी अजय यादव को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, अजय पासवान लंबे समय से फरार चल रहा था और कई संगीन मामलों में वांछित था। जांच में सामने आया है कि वह गोपालपुर में 27 लाख रुपये की कैश वैन लूटकांड का मास्टरमाइंड है। 13 मई को CMS कंपनी की कैश वैन से हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।

अजय पासवान पर 8 बैंक डकैती, हत्या, रंगदारी और लूट जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले 19 मई को इसी लूटकांड में पुलिस ने आरोपी नीतीश कुमार को भी मुठभेड़ में घायल किया था और लूट की रकम व हथियार बरामद किए थे।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के बाद ही अजय पासवान की लोकेशन मिली। गिरफ्तारी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और उसे घायल कर दबोच लिया। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और फरार साथियों की तलाश में जुटी है।