प्रखंड को नशामुक्त बनाने के संकल्प को साकार करते हुए महुआडांड़ पुलिस ने मंगलवार को अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धवई टोली में छापेमारी कर अवैध शराब बेचने वालों पर शिकंजा कसा।


जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा पहले ही क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया था, बावजूद इसके कुछ लोग चोरी-छिपे इस धंधे में लिप्त थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अचानक दबिश दी और कई संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई घरों और दुकानों की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस को देखते ही कई कारोबारी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पुलिस के निर्देशों की अनदेखी कर अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होने की सूचना तुरंत दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस की इस सख्ती से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नशे के कारण युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही थी, लेकिन अब पुलिस की सक्रियता से इस पर लगाम लगेगी।

