रामगढ़ जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र स्थित गिद्दी सी चेकपोस्ट पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य 22 वर्षीय मोहम्मद वारिस को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।


जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने गिद्दी सी चेकपोस्ट के पास फायरिंग कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की कोशिश की थी। घटना के बाद गिद्दी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य मोहम्मद वारिस को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी 7.62 एमएम पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए, जिनका इस्तेमाल फायरिंग की घटना में किया गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस वारदात में उसके अलावा दो अन्य अपराधी भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मोहम्मद वारिस का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है।
इस कार्रवाई में बरकागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में गठित SIT, गिद्दी थाना पुलिस, उरीमारी ओपी और सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और गैंग की अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच जारी है।

