रक्षा बंधन पर डाक विभाग की ‘राखी मेक प्रतियोगिता’ की तैयारी, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में हुई बैठक

Spread the love

जमशेदपुर: रक्षा बंधन के अवसर पर डाक विभाग द्वारा प्रस्तावित ‘राखी मेक प्रतियोगिता’ को लेकर बुधवार को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका), साकची की प्रभारी प्राचार्य श्वेता के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के उद्देश्य, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा विद्यालय में इसके आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान डाक विभाग के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में छात्राएं स्वयं राखी तैयार करेंगी और उसे डाक विभाग के माध्यम से अपने भाइयों तक भेज सकेंगी।

प्रभारी प्राचार्य श्वेता ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि स्वयं निर्मित राखी को डाक के माध्यम से भाई तक पहुंचाना भाई-बहन के रिश्ते को और अधिक भावनात्मक बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों में रचनात्मकता विकसित करने के साथ-साथ पारिवारिक जुड़ाव, भारतीय परंपराओं और त्योहारों के महत्व को भी मजबूत करेगी।

उन्होंने विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। डाक विभाग ने भी उम्मीद जताई कि इस पहल से अधिक से अधिक छात्राएं जुड़ेंगी और रक्षा बंधन के पावन पर्व को नए और रचनात्मक तरीके से मनाने का अवसर मिलेगा।