चक्रधरपुर मंडल में लाइन ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें रद्द, उत्कल और साउथ बिहार एक्सप्रेस का बदला रूट

Spread the love

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर रेल मंडल में चल रहे लाइन ब्लॉक के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। रेलवे के अनुसार, 18 नवंबर तक अलग-अलग दिनों में हावड़ा, नागपुर, हटिया और बिलासपुर रूट पर चलने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

इसके अलावा 26 से 30 सितंबर के बीच नांदेड़, इतवारी और जूनागढ़ सहित अन्य मार्गों पर चलने वाली कई ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा और कुछ ट्रेनों को निर्धारित तिथियों पर रद्द किया जाएगा।

रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि उत्कल एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस को कुछ दिनों तक डाउन दिशा में बदले हुए मार्ग से संचालित किया जाएगा। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करने की अपील की गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लाइन ब्लॉक के कारण अक्टूबर माह में भी कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। यह बदलाव रेलवे के रखरखाव और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों को सुरक्षित और समय पर पूरा करने के उद्देश्य से किया गया है।