रांची क्राइम: होमगार्ड पर चाकू से हमला और स्कूटी लूट मामले में दो गिरफ्तार

Spread the love

रांची पुलिस ने होमगार्ड जवान पर चाकू से हमला कर स्कूटी लूटने के सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान सुखदेव गंझू और अभिषेक मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका हुलिया बदल रहे थे।

जानकारी के अनुसार, 25 मई को लगभग 2:30 बजे चुटिया थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के पास होमगार्ड जवान गणेश राम स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान दो अपराधियों ने उन्हें रोककर चाकू से हमला कर दिया और उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। उस समय गणेश राम सादे कपड़ों में थे, जबकि उनकी वर्दी स्कूटी के डिक्की में रखी हुई थी। घायल जवान को आरोपियों ने पंचवटी चौक स्थित काली मंदिर के सामने सड़क किनारे छोड़ दिया था, जिसके बाद चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। सिटी एसपी परास राणा की निगरानी में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की और लगातार निगरानी के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर लूटी गई स्कूटी और चाकू बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए स्कूटी का रंग-रूप बदलकर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस दोनों से आगे की पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है।