रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज, बाबूलाल मरांडी ने सरकार से बातचीत की अपील की

Spread the love

रांची: JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार से प्रदर्शन कर रहे छात्रों से तत्काल बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान निकालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने रुख पर अड़े रहने के बजाय छात्रों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

अभ्यर्थी पिछले 23 दिनों से रांची में आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है।

आंदोलन में शामिल BJP विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि छात्र कई दिनों से शांतिपूर्ण और संयमित तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से समाधान नहीं मिलने के कारण आंदोलन को आगे बढ़ाने की स्थिति बनी है।

वहीं, अनशन पर बैठे छात्र प्रेम नायक ने कहा कि अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी तबीयत खराब है और बुखार भी है, लेकिन उन्होंने इलाज के लिए जाने से इनकार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास घेराव के साथ-साथ आगे जेल भरो आंदोलन और स्कूल-कॉलेज बंद जैसे विकल्पों पर चर्चा की बात कही।

छात्र नेता रविंद्र पासवान ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई और पूरे मामले की CBI जांच शामिल है।

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि स्वतंत्रता दिवस पर रांची में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोकने के दौरान पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। फिलहाल आंदोलनकारी 20 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार कर रहे हैं।