रांची: BIT मेसरा के हॉस्टल में MSc छात्रा का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

रांची: BIT मेसरा कैंपस के हॉस्टल नंबर-9 में MSc की छात्रा का शव बरामद होने से परिसर में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान अजंलि के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि, छात्रा की एक डायरी पुलिस को मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि डायरी में दर्ज कुछ बातों से छात्रा के पारिवारिक विवाद के कारण तनाव में रहने की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद को लेकर लंबे समय से परेशान रहने के कारण छात्रा ने आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की अंतिम पुष्टि नहीं की है।

पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस छात्रा की डायरी में दर्ज जानकारी, घटनास्थल और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।