हजारीबाग में एटीएम कार्ड बदलकर रिटायर्ड LIC कर्मी से ₹97 हजार की साइबर ठगी

Spread the love

हजारीबाग जिले के मटवारी स्थित गांधी मैदान के समीप एक एटीएम में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त एलआईसी कर्मी को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने बड़ी चालाकी से बुजुर्ग का एटीएम कार्ड बदल दिया और उनके बैंक खाते से कुल 97 हजार रुपये की निकासी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने कोर्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित लॉर्ड राम कैनरा बैंक के एटीएम से नकदी निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने उनसे बातचीत शुरू कर दी। एक युवक ने मशीन में तकनीकी खराबी होने की बात कहकर उनका ध्यान भटकाया, जबकि दूसरा लगातार उनसे बातचीत करता रहा। इसी बीच ठगों ने उनका एटीएम कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया।

घर पहुंचने के कुछ समय बाद पीड़ित के मोबाइल पर खाते से 70 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। इसके बाद वे तुरंत बैंक पहुंचे, जहां जांच के दौरान पता चला कि उनके पास मौजूद एटीएम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति के नाम का था। इसी बीच ठगों ने दूसरी बार भी खाते से राशि निकाल ली। दोनों ट्रांजैक्शन मिलाकर कुल 97 हजार रुपये की ठगी की गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। बैंक और एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी अजनबी की मदद न लें और अपना कार्ड या पिन किसी के साथ साझा न करें।