फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में कैफे संचालक गिरफ्तार, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा

Spread the love

पाकुड़: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत रामचंद्रपुर पहाड़िया टोला में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में एक कैफे संचालक को ग्रामीणों ने पकड़कर मुफस्सिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी पर लोगों से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर हजारों रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी लंबे समय से क्षेत्र के लोगों को जन्म प्रमाण पत्र बनवाने का झांसा देकर उनसे दो हजार से लेकर दस हजार रुपये तक की राशि वसूल रहा था। कई लोगों ने उसके माध्यम से दस्तावेज बनवाए थे, लेकिन बाद में प्रमाण पत्रों की सत्यता पर सवाल खड़े होने लगे। मामला तब सामने आया जब आधार केंद्र में दस्तावेजों की जांच के दौरान कई जन्म प्रमाण पत्र संदिग्ध और फर्जी पाए गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना पर अंचल अधिकारी अरविंद कुमार बेदिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर निष्पक्ष जांच के लिए मुफस्सिल थाना पुलिस को सौंप दिया।

मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे वसूले गए हैं, उन्हें उनकी राशि वापस दिलाई जाए।

इस घटना के बाद क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोहों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।