सरायकेला में राजस्व उप निरीक्षकों का फूटा गुस्सा, कृषि गणना कार्य का बकाया भुगतान जल्द करने की मांग

Spread the love

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड परिसर में रविवार को झारखंड राज्य राजस्व उप निरीक्षक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे राजस्व उप निरीक्षकों ने कृषि गणना कार्य के लंबित भुगतान को लेकर नाराजगी जताई और जिला प्रशासन से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

कार्य पूरा, रिपोर्ट जमा, फिर भी भुगतान लंबित
संघ के सदस्य मुरारी महतो ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न गांवों में कृषि गणना का कार्य कराया गया था। सभी कर्मचारियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सर्वेक्षण कार्य पूरा कर उसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी थी। प्रशासन द्वारा रिपोर्ट स्वीकार किए जाने के बावजूद प्रथम चरण के कार्य का भुगतान अब तक नहीं किया गया है।

सेवानिवृत्त कर्मचारी भी कर रहे भुगतान का इंतजार
बैठक में बताया गया कि भुगतान में देरी का असर कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। कई राजस्व उप निरीक्षक इस दौरान सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं, लेकिन उन्हें भी उनके कार्य का पारिश्रमिक नहीं मिला है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों से लंबित भुगतान के बावजूद प्रशासन इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

उपायुक्त को फिर सौंपा जाएगा ज्ञापन
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने निर्णय लिया कि लंबित भुगतान की मांग को लेकर जल्द ही सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को पुनः ज्ञापन सौंपा जाएगा। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए जल्द भुगतान सुनिश्चित करेगा।

कई राजस्व उप निरीक्षक रहे मौजूद
बैठक में सत्येंद्र प्रसाद, अमित सरदार, बेस्ट कुमार, सोमचंद टुडू, जगन्नाथ साहू, प्रकाश हांसदा, सेवानिवृत्त कर्मचारी विनय सिंह, मनभोला तिवारी सहित कई राजस्व उप निरीक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।