युवा मोर्चे से सायोनी घोष की छुट्टी, TMC में बड़े फेरबदल से सियासी हलचल तेज

Spread the love

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों का दौर जारी है। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने बड़े फेरबदल के तहत सांसद सायोनी घोष को राज्य तृणमूल युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटा दिया है। उनकी जगह पार्टी प्रवक्ता और पूर्व दक्षिण कोलकाता जिला युवा अध्यक्ष अर्नब बनर्जी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी बैठक में उत्तर कोलकाता संगठनात्मक जिला अध्यक्ष पद पर भी बदलाव किया गया और कुनाल घोष को यह जिम्मेदारी दी गई। वरिष्ठ सांसद सौगत राय को लोकसभा में संसदीय दल का सलाहकार बनाया गया है। यह फैसला हाल के दिनों में पार्टी के भीतर चल रही खींचतान और संगठन को मजबूत करने की कवायद के बीच लिया गया है।

पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में हुई बैठक में कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राजनीतिक हलकों में इस फेरबदल को तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों और संगठन पर नेतृत्व की पकड़ मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।