साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गंगू टोला में पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति धोना किस्कू ने अपनी पत्नी ब्राइड हेम्ब्रम के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति कथित तौर पर महिला के शव को ससुराल के आंगन में छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


मृतका के चाचा और ग्राम प्रधान ढेपांग हेम्ब्रम के अनुसार, आरोपी 8 सितंबर से ही पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। उस समय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर महिला को बचाया था। इसके बाद पंचायत बुलाई गई और आरोपी को इलाज कराने की सलाह दी गई। पंचायत के बाद मामला शांत हो गया था।
बताया गया कि 9 सितंबर की शाम करीब 4 बजे आरोपी ने दोबारा पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बाद में आरोपी महिला को घर के अंदर ले गया और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। देर रात तक अंदर से महिला के चिल्लाने की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई।
अगली सुबह महिला का शव आंगन में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। महिला की मौत के बाद उसके दो बच्चों की भी स्थिति खराब बताई जा रही है।
रांगा थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

