संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार: राष्ट्रपति मुर्मू ने 108 कलाकारों को किया सम्मानित, बिहार के तीन कलाकार शामिल

Spread the love

नई दिल्ली: नई दिल्ली के विज्ञान भवन में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और पुरस्कार प्रदान किए। देशभर से कला के क्षेत्र में योगदान देने वाले कुल 108 कलाकारों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित कलाकारों में बिहार के तीन वरिष्ठ कलाकार भी शामिल रहे। इन कलाकारों ने पिछले चार से पांच दशकों से रंगमंच और लोक संगीत के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रसिद्ध अभिनेता-निर्देशक सुरेश कुमार हज्जू, वरिष्ठ मैथिली रंगमंच निर्देशक शिव नारायण झा उर्फ कुनाल और लोक वाद्य कलाकार महेंद्र राम को सम्मानित किया।

तीनों कलाकारों को ताम्रपत्र, प्रशस्ति पत्र और एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। सम्मान मिलने पर कला जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई और कलाकारों के योगदान की सराहना की।

यह समारोह देश की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर रहा। लंबे समय से रंगमंच और लोक संगीत के क्षेत्र में योगदान देने वाले बिहार के इन तीन कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से कला जगत में भी उत्साह का माहौल है।