महुआडांड़ में SIR-2026 को लेकर छात्राओं की जागरूकता रैली, ‘हर पात्र बने मतदाता’ का दिया संदेश

Spread the love

महुआडांड़, लातेहार: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से सोमवार को महुआडांड़ में स्कूली छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। हरे-सफेद यूनिफॉर्म में सजी छात्राएं हाथों में जागरूकता पोस्टर लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरीं और लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने तथा आवश्यक संशोधन कराने की अपील की।

रैली प्रखंड शिक्षा विभाग की देखरेख में आयोजित की गई। इस दौरान विभाग के कई कर्मी, शिक्षक और शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

रैली के दौरान पोस्टरों के माध्यम से बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक संचालित होगा। इस अवधि में 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे।

छात्राओं द्वारा प्रदर्शित पोस्टरों पर स्पष्ट संदेश दिया गया कि SIR की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। गैर-भारतीय नागरिक अथवा भारतीय नागरिकता त्याग चुके व्यक्ति इस प्रक्रिया में आवेदन न करें। साथ ही, इन्युमरेशन प्रक्रिया में सभी पात्र नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।

रैली के माध्यम से लोगों को अपने-अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर इन्युमरेशन फॉर्म प्राप्त करने और समय पर जमा करने की जानकारी भी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।

प्रखंड शिक्षा विभाग के कर्मियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि आगामी चुनाव में कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।