सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड पुलिस, 209 कोबरा और 26वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने कांड्रा थाना कांड संख्या 18/2026 के सिलसिले में पुलिस रिमांड पर लिए गए तीन हार्डकोर माओवादियों से पूछताछ के बाद उनके बताए स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक बरामद किए गए।


एसपी मनोज भाटियारियारी के अनुसार, पुलिस रिमांड पर लिए गए माओवादियों में सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर, बंगाल-झारखंड-ओडिशा सीमांत कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो और सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया शामिल हैं। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर कुचाई थाना क्षेत्र के सीकरांबा जंगल और चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी के समीप दलमा जंगल में अलग-अलग अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान दो .303 राइफल, एक INSAS राइफल, एक SLR, दो देशी पिस्तौल, विभिन्न हथियारों की 297 जिंदा गोलियां, मैगजीन और चार्जर बरामद किए गए। इसके अलावा एक IED भी बरामद हुआ, जिसे BDS टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
अभियान में सरायकेला और चांडिल के SDPO समेत पुलिस, 26वीं वाहिनी SSB और 209 कोबरा के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार और विस्फोटक नक्सली संगठन से जुड़े थे। मामले में आगे की जांच जारी है।

