सरायकेला में दो साल से फरार लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार, पहचान बदलकर आदित्यपुर में रह रहा था

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के रेयाड़ा डुंगरीडीह लूटकांड में करीब दो साल से फरार चल रहे प्राथमिकी नामजद आरोपी पोड़ो सरदार उर्फ लंगड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पहचान बदलकर आदित्यपुर में रह रहा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, पोड़ो सरदार अपनी पहचान और पता बदलकर आदित्यपुर के शिवनारायणपुर सरना टोला में रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

आर्म्स एक्ट का फरार आरोपी भी गिरफ्तार

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अड़की थाना क्षेत्र में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे गंगाधर सिंह मुंडा को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे अड़की पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उसके खिलाफ दर्ज मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोड़ो के खिलाफ पांच मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, पोड़ो सरदार के खिलाफ हत्या और लूट समेत कुल पांच मामले दर्ज हैं। रेयाड़ा डुंगरीडीह लूटकांड में लंबे समय से फरार होने के कारण पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि इस लूटकांड में नामजद सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सभी न्यायिक हिरासत में हैं।