सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में कांड्रा स्टेशन से चांडिल की ओर जाने वाली अप रेललाइन के किनारे शुक्रवार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव झांझर पुल से पहले पोल संख्या 389/S11 के पास ट्रैक के किनारे पड़ा था।


मिली जानकारी के अनुसार, एक मालगाड़ी के लोको पायलट की नजर ट्रैक के किनारे पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल रेलवे कंट्रोल को इसकी सूचना दी। रेलवे कंट्रोल से जानकारी मिलने के बाद मामले की डायरी दर्ज की गई। इसके बाद RPF की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी लेकर शव की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
घटनास्थल तक सड़क से सीधा रास्ता नहीं होने के कारण शव को बाहर निकालने में पुलिसकर्मियों को काफी परेशानी हुई। झाड़ियों और पथरीले रास्ते से सावधानीपूर्वक शव को बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

