गम्हरिया में एसडीओ ने किया एसआईआर कार्यों का निरीक्षण, समयबद्ध शत-प्रतिशत निष्पादन के दिए निर्देश

Spread the love

गम्हरिया: सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभिनव प्रकाश ने शुक्रवार को गम्हरिया प्रखंड पहुंचकर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड एवं जोनल स्तर पर चल रहे प्रपत्र वितरण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने कहा कि एसआईआर कार्य को लेकर प्रखंड और जोनल स्तर पर बीएलओ द्वारा बेहतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी पात्र मतदाताओं तक समय पर प्रपत्र पहुंचाना और पूरी प्रक्रिया को शत-प्रतिशत पूरा करना है।

अभिनव प्रकाश ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे किसी तीसरे व्यक्ति की सहायता लेने के बजाय स्वयं प्रपत्र भरें और निर्धारित समय के भीतर अपने-अपने मतदान केंद्र पर जमा करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सहयोग से ही एसआईआर प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान गम्हरिया के जोनल अधिकारी, खरसावां के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीओ ने सभी अधिकारियों को एसआईआर से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।