सरायकेला (संजीव मेहता): जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा नशे के कारोबार और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गायारी मंगलवार को अचानक आदित्यपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाइक से विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और पूर्व में ब्राउन शुगर हब के रूप में चर्चित मुस्लिम बस्ती में पुलिस बल के साथ पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।


औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय कायम करना तथा आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना था। पैदल गश्ती के दौरान एसपी ने लोगों से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को संगठित अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एसपी मनोज स्वर्गायारी ने बताया कि पुलिस टीम ने उन अंदरूनी गलियों और सीमावर्ती इलाकों का भी सघन निरीक्षण किया, जहां नशीले पदार्थों की बिक्री और असामाजिक तत्वों के जमावड़े की सूचनाएं मिलती रही हैं। इसके बाद आदित्यपुर थाना में समीक्षा बैठक कर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए ‘टाइगर मोबाइल’ बाइक पेट्रोलिंग टीम की संख्या बढ़ाई गई है। साथ ही जवानों और कांस्टेबलों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य अपराध होने से पहले ही उसे रोकना है। इसके लिए जेल से छूटे अपराधियों और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी तथा उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी के इस औचक दौरे को आदित्यपुर में अपराध और नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

