ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही रेल यात्री संघर्ष समिति ने 24 मई को घाटशिला के स्टेशन बाजार में हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह फैसला गुरुवार को हुई बैठक में लिया गया, जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय विशेष रूप से मौजूद थे।


बैठक न्यू केबुल टाउन में आयोजित की गई, जिसमें समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह सहित कई सदस्य शामिल हुए। बैठक में बताया गया कि घाटशिला के स्थानीय लोग इस अभियान को लेकर पूरी तरह तैयार हैं और आवश्यक तैयारियां भी कर ली गई हैं।
निर्णय लिया गया कि जमशेदपुर से करीब 100 लोग घाटशिला जाएंगे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इस हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाएंगे। इसका उद्देश्य खड़गपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी की समस्या को लेकर दबाव बनाना है।
साथ ही यह भी तय हुआ कि 24 मई को होने वाली बैठक के बाद कोलकाता स्थित रेलवे के महाप्रबंधक से मिलने की तारीख निर्धारित की जाएगी।
बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, कन्हैया सिंह, नीरज सिंह, कंचन डे, त्रिदेव सिंह, अजय कुमार, हनी परिहार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

