सोनारी पुलिस ने रंगदारी और हथियार के बल पर धमकी देने के आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के सोनारी थाना पुलिस ने रंगदारी मांगने, हथियार के बल पर धमकी देने और भय का माहौल बनाने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनारी खूँटाडीह निवासी 30 वर्षीय जयंत दीप उर्फ छोटू के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों अंकुर सिंह, आर्यन कुमार एवं अन्य के साथ मिलकर वादी दानिश कुमार तथा उसके साथियों दीप साहू और सूरज कुमार को पिस्तौल के बल पर धमकाया था। आरोप है कि आरोपी ने गले पर पिस्तौल सटाकर रंगदारी की मांग की। जान का खतरा महसूस होने पर पीड़ितों ने आरोपियों को कुछ नकद राशि और ऑनलाइन माध्यम से भी पैसे दिए।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपों की पुष्टि हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य आरोपी पीड़ित पक्ष पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जयंत दीप का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2019, 2021 सहित विभिन्न वर्षों में हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे, एसआई परेश राजवार, एएसआई योगेश कुमार सिंह, एएसआई जिरेन कच्छप और एएसआई राजू नायक की टीम शामिल रही।