बागबेड़ा डीबी रोड पर तेज रफ्तार कार का कहर, चार लोग गंभीर घायल, चालक फरार

Spread the love

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, JH 05 EF 9444 नंबर की कार ने सबसे पहले JH 05 BU 8686 नंबर की टीवीएस एक्सएल को जोरदार टक्कर मार दी। टीवीएस एक्सएल सवार व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दुर्घटना के समय कार चालक नशे की हालत में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।