प्रेशर हॉर्न पर सख्त कार्रवाई का ऐलान, पूरे राज्य में चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप

Spread the love

पटना :बिहार में वाहनों में लगाए जाने वाले प्रेशर हॉर्न और हूटर के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त अभियान चलाने का निर्णय लिया है। विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की जाए और अवैध प्रेशर हॉर्न व हूटर जब्त किए जाएं। साथ ही इनके उपयोग और बिक्री पर प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने को कहा गया है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित डेसीबल सीमा से अधिक आवाज पैदा करने वाले हॉर्न और साउंड सिस्टम लोगों के स्वास्थ्य और यातायात सुरक्षा के लिए खतरा हैं। इसी कारण राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। परिवहन विभाग ने दुकानदारों और विक्रेताओं को भी चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न या हूटर बेचने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उपकरण जब्त किए जाएंगे। अधिकारियों को नियमित जांच कर सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण कम करने के निर्देश दिए गए हैं।