Tata Power का बड़ा सोलर प्लान, 2030 तक रूफटॉप सोलर से ₹30 हजार करोड़ सालाना कमाई का लक्ष्य

Spread the love

नई दिल्ली: Tata Power ने रूफटॉप सोलर कारोबार को तेजी से विस्तार देने की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने वर्ष 2030 तक इस कारोबार से सालाना करीब ₹30 हजार करोड़ का राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही कंपनी अपने ग्राहक आधार और बाजार हिस्सेदारी को भी तेजी से बढ़ाने पर जोर दे रही है।

कंपनी के अनुसार, Tata Power अब तक देशभर में 5 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर ग्राहकों को सेवा दे चुकी है। कंपनी की योजना वर्ष 2029 तक इस संख्या को बढ़ाकर 30 लाख करने की है। साथ ही भारतीय रूफटॉप सोलर बाजार में करीब 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

रूफटॉप सोलर कारोबार के प्रदर्शन में भी पिछले कुछ वर्षों में तेजी देखी गई है। वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में कारोबार का राजस्व ₹342 करोड़ था, जो वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में बढ़कर करीब ₹1,350 करोड़ हो गया। इसी अवधि में EBITDA ₹38 करोड़ से बढ़कर ₹197 करोड़ और कर बाद मुनाफा ₹23 करोड़ से बढ़कर ₹145 करोड़ पहुंच गया।

कंपनी अब केवल सोलर पैनल लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहती। इसके साथ बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि दिन में पैदा हुई सौर ऊर्जा को जरूरत के समय इस्तेमाल किया जा सके। बढ़ती बिजली की मांग, सोलर तकनीक की घटती लागत और स्वच्छ ऊर्जा को लेकर बढ़ती रुचि को देखते हुए कंपनी को इस क्षेत्र में आगे तेज वृद्धि की उम्मीद है।