टीएमएच गोलचक्कर के पास दर्दनाक हादसा, दमकल वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत

Spread the love

जमशेदपुर : शहर के Bistupur थाना क्षेत्र स्थित Tata Main Hospital (टीएमएच) गोलचक्कर के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। Tata Steel के दमकल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मोहम्मद हुसाम अख्तर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहा था, तभी टीएमएच गोलचक्कर के पास उसकी बाइक और दमकल वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक दमकल वाहन के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि हादसे में शामिल दमकल वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।