पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरमा गांव स्थित चांदनी चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। सोमवार देर रात हुए इस हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि घायल चालक पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा।


पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 52 वर्षीय विनेश यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ घाटशिला में रह रहे थे। बताया गया कि वह टाटा क्षेत्र में माल पहुंचाने के बाद ट्रक लेकर वापस लौट रहे थे।
रास्ते में गुरमा स्थित चांदनी चौक के पास उन्होंने अपना ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया और भोजन करने के लिए हाईवे पार कर एक लाइन होटल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल विनेश यादव पूरी रात सड़क किनारे पड़े रहे। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एमजीएम थाना पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे चार बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

