अररिया :पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 90वीं बिहार राज्य जूनियर एवं सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तुषार राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उन्होंने 400 मीटर दौड़ और 400 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।


तुषार राज की इस उपलब्धि से अररिया और कुर्साकांटा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उनके पिता प्रशांत कुमार सिंह और नाना आरबी सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि तुषार शुरू से ही दौड़ के प्रति समर्पित रहे हैं और नियमित अभ्यास का ही यह परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में तुषार देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
तुषार की सफलता पर जनप्रतिनिधियों, खेलप्रेमियों और विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया जा रहा है।

