रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 18.66 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, 4 हजार रुपये नकद, एक ऑटो और एक स्कूटी बरामद की गई है।


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरला पहाड़ क्षेत्र में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर दो युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू शांति नगर निवासी जितेंद्र कुमार सिंह और चुना भट्ठा रोड निवासी राहुल कुमार यादव के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान जितेंद्र कुमार सिंह के पास से 12.97 ग्राम तथा राहुल कुमार यादव के पास से 5.69 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है।

