केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, देश की सुख-समृद्धि की कामना की

Spread the love

देवघर: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ शनिवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने अपने परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर में विशेष पूजन और समर्पण अनुष्ठान के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए भी प्रार्थना की।

पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से देश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और इस यात्रा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद आवश्यक है।

केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। उनके दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद भक्तों ने बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

संजय सेठ ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आकर सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक शांति की अनुभूति होती है।