नई दिल्ली :तृणमूल कांग्रेस (TMC) में आंतरिक कलह अब और गहरा गया है। पार्टी के एक धड़े ने दावा किया है कि उनके पास लोकसभा के 19 सांसदों का समर्थन है और वे खुद को “वास्तविक टीएमसी” के रूप में मान्यता दिलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात सोमवार को प्रस्तावित है, जिसमें औपचारिक रूप से इस समूह को अलग संसदीय दल के रूप में मान्यता देने की मांग की जाएगी।


जानकारी के अनुसार, यह धड़ा पहले ही अपनी ओर से एक प्रतिनिधित्व पत्र स्पीकर को सौंप चुका है। सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने दावा किया है कि 8 जून से समर्थन जुटाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी और अब तक 19 सांसद इस समूह के साथ हैं। पार्टी में बढ़ते तनाव के बीच यह कदम तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तृणमूल कांग्रेस और उसके बागी सांसदों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। पार्टी का एक वर्ग इस दावे को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रूप से अस्थिर करने की कोशिश बता रहा है। अब सभी की नजरें सोमवार को होने वाली स्पीकर से मुलाकात पर टिकी हैं, जो इस विवाद की दिशा तय कर सकती है।

