वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। घटना में AAICLAS के दो स्क्रीनर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।


जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसकी उन्होंने सुरक्षा जांच के दौरान जानकारी दी थी।
अधिकारियों के अनुसार, AAICLAS के स्क्रीनर पिस्टल की जांच कर रहे थे और उसमें मौजूद कारतूसों की संख्या की पुष्टि की जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 बजे अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया।
गोली चलने के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना में दो स्क्रीनर घायल हुए, जिन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, फायरिंग हथियार की जांच के दौरान हुई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में पिस्टल से गोली चली।
पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

