महुआडांड़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई वट सावित्री पूजा

Spread the love

महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को वट सावित्री पूजा श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाई गई। अमर सुहाग और पति की लंबी आयु की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ व्रत और पूजा-अर्चना की।

प्रखंड मुख्यालय स्थित दुर्गा बाड़ी परिसर, पीपल चौक, रामपुर, राजदंडा और ओरसा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सोलह श्रृंगार कर महिलाएं पूजा की थाली लेकर वट वृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा संपन्न हुई।

महिलाओं ने सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण करते हुए वट वृक्ष की परिक्रमा की और कच्चा सूत लपेटकर अपने पति की दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की। पूजा स्थलों पर पारंपरिक गीतों और धार्मिक माहौल से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

पौराणिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाकर पतिव्रता धर्म का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया था। इसी आस्था के साथ महिलाएं यह व्रत रखकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं।