पाकुड़ में सब्जी विक्रेता से ₹3,500 की ठगी, पीछा कर युवती को पकड़ा

Spread the love

पाकुड़ : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के हटपाड़ा सब्जी बाजार में सोमवार को ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया। आरोप है कि एक युवती ने बीमारी और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर एक सब्जी विक्रेता से 3,500 रुपये ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए और नकद राशि देने का वादा कर मौके से चली गई।

जानकारी के अनुसार, युवती ने सब्जी विक्रेता को बताया कि उसकी मां की तबीयत काफी खराब है और उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। उसने दुकानदार से अनुरोध किया कि वह उसके खाते में ऑनलाइन पैसे भेज दे, बदले में वह तुरंत नकद राशि दे देगी। मानवीय आधार पर भरोसा करते हुए दुकानदार ने उसके खाते में 3,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

आरोप है कि खाते में राशि पहुंचते ही युवती नकद पैसे दिए बिना वहां से निकल गई। कुछ देर बाद जब दुकानदार को संदेह हुआ तो उसने युवती का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब 500 मीटर तक पीछा करने के बाद राज हाई स्कूल रोड के पास उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।

घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।